नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने आम आदमी पार्टी के घोषणा पत्रों को झूठा बताया है। शनिवार को प्रदेश कार्यालय में उन्होंने कहा कि आप ने वर्ष 2013, 2015 और 2019 के घोषणा पत्र में झूठे वादे किए थे। दिल्ली के लोगों के साथ आम आदमी पार्टी ने धोखा किया है। केजरीवाल ने दिल्ली की जनता को पहले जनलोकपाल, फिर मोहल्ला सभा और अब पूर्ण राज्य के दर्जे के नाम पर ठगने की कोशिश कर रहे हैं। वर्ष 2013 के घोषणा पत्र का मुख्य मुद्दा जनलोकपाल था जिसमें तत्कालीन मुख्यमंत्री शीला दीक्षित पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाकर उनको जेल में डालने की बात कही थी लेकिन ये अब तक ठंडे बस्ते में है। ब्यूरो
कांग्रेस और आप का विघटनकारी तत्वों के साथ एजेंडा : डॉ. हर्षवर्धन
नई दिल्ली। चांदनी चौक से भाजपा प्रत्याशी डॉ. हर्षवर्धन ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस और आप पार्टी का विघटनकारी तत्वों के साथ साझा एजेंडा है। उन्होंने कहा कि ये दोनों दल मूल रूप से कई बार उच्चतम न्यायालय में वीवीपीटीए के मामले में एक साथ रहे हैं। दोनों पार्टियां विघटनकारी तत्व और टुकड़े-टुकड़े गैंग समर्थन करते रहे हैं। डॉ. हषवर्धन ने कहा कि परिणाम घोषित होने के बाद इवीएम में कथित गड़बड़ी पर आक्रोश व्यक्त करेंगी। ब्यूरो
आयोग नहीं कर रहा कार्रवाई, तभी आप के बढ़े हौसले : गुप्ता
नई दिल्ली। पिछले कुछ दिन के भीतर ही दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और आप पार्टी के खिलाफ कई शिकायत कर चुके विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता का कहना है कि चुनाव आयोग शिकायतों पर कार्रवाई नहीं कर रहा है। इसीलिए आप ने नेता बार-बार आचार संहिता का उल्लंघन कर रहे हैं।